दिल्ली की लड़की द्वारा फरीदाबाद में कार सीखने के दौरान हरियाणा पुलिस कर्मियों द्वारा लड़की व उसके दोस्त से मारपीट व अभद्र व्यवहार करने के मामले में डीसीडब्ल्यू के दखल से हरियाणा पुलिस का एएसआई संस्पेंड हो गया है। वहीं, हरियाणा के सौ नंबर पर कॉल करके मदद मांगने के बाद कोई कार्रवाई न होने पर विभागीय जांच भी शुरू कर दी गयी है।
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल के मुताबिक, साउथ दिल्ली निवासी लड़की अपने दोस्त के साथ फरीदाबाद के सूरजकुंड एरिया में गाड़ी चलाना सीख रही थी। इसी दौरान हरियाणा पुलिस के दो कर्मियों ने वहां आकर उन दोनों से अभद्र व्यवहार किया।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में कहा है कि उक्त दोनों पुलिस कर्मियों ने हमें गाड़ी से उतार दिया। इस दौरान मेरे दोस्त के साथ मारपीट की और पैसे भी छीन लिए। इस घटना के दौरान पीड़िता ने हरियाणा के सौ नंबर पर फोन कर पुलिस से मदद मांगी, लेकिन कोई नहीं पहुंचा।
इसके बाद उक्त पीड़िता ने दिल्ली महिला आयोग के वूमन हेल्पलाइन 181 पर कॉल पर मदद मांगी। आयोग की मोबाइल हेल्पलाइन (एमएचएल) की काउंसलर ने पीड़िता से बात की और मदद के लिए फरीदाबाद पहुंची। आयोग की टीम पीड़िता व उसके दोस्त को लेकर सूरजकुंड थाने पहुंची तो पता चला उक्त दोनों पुलिस कर्मी इसी थाने में अटैच हैं।
आयोग टीम ने इसके बाद एसीपी साकिर हुसैन से बात की। एचएचओ ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर उक्त दोनों पुलिसवालों को सस्पेंड कर दिया है। जबकि उसके सहित मौके पर मौजूद एक अन्य पुलिस कर्मी के खिलाफ विभागीय जांच शुरु कर दी।
दिल्ली महिला आयोग की टीम जब पीड़ित लड़की से मिली तो लड़की ने कहा कि वह आरोपी पुलिस वालों के खिलाफ कार्यवाही चाहती है। लड़की की शिकायत पर दिल्ली महिला आयोग की काउंसलर ने एसीपी साकिर हुसैन और एसएचओ पंकज कुमार से लड़की की शिकायत पर दोनों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहा।
एचएचओ ने तुरंत एएसआई को सस्पेंड करके विभागीय जांच शुरु करवा दी। जबकि कॉन्सटेबल के खिलाफ भी विभागीय जांच शुरु हो गई। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालिवाल ने कहा कि यदि किसी लड़की या महिला के साथ कोई व्यक्ति चाहे वह पुलिसवाला ही क्यों न हो बदतमीजी करता है तो वे तुरंत दिल्ली महिला आयोग की महिला हेल्पलाइन 181 पर मदद के लिए संपर्क करे।