दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीआईएसएफ के जवानों ने दक्षिण अफ्रीका की दो महिलाओं के बैग से 25 किलो प्रतिबंधित ड्रग्स इफेड्रिन बरामद की है। जिसकी कीमत करीब दो करोड़ रुपये आंकी गई है। सीआईएसएफ के अधिकारियों ने प्राथमिक तफ्तीश के बाद दोनों यात्रियों को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के हवाले कर दिया है।
सीआईएसएफ के प्रवक्ता व कमांडेंट हेमेंद्र सिंह ने बताया कि 15 मार्च की रात करीब ढाई बजे अबू धाबी से एक फ्लाइट दिल्ली पहुंची। इस फ्लाइट में दक्षिण अफ्रीका की रहने वाली माग्रेट सिवोनगिली और मासिया थैमबेके भी थीं। दोनों जोहानिसबर्ग से अबू धाबी होते हुए टूरिस्ट वीजा पर भारत पहुंची हैं।
सीआईएसएफ के सर्विलांस स्टाफ कोे दोनों महिलाओं की हावभाव संदिग्ध लगे। इसके बाद फौरन दोनों महिलाओं की सूटकेस की तलाशी लेने के लिए कहा। तलाशी में जवानों को कुछ नहीं मिला, लेकिन जब सूटकेस के ऊपर के हिस्से को हटाया गया तो उसमें छिपा रखा सफेद पाउडर मिला। ब्यूरो के अधिकारी इस बाबत दोनों से पूछताछ कर रहे हैं।