नोएडा के बहलोलपुर गांव में महिला को उसकी बेटी के सामने शनिवार को चाकू से वार कर मौत के घाट उतार दिया गया। महिला के परिजनों ने उसके पति, जेठ और देवर के खिलाफ फेज-3 थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस के अनुसार, खुर्जा बुलंदशहर के रहने वाली कविता (25) की 9 साल पहले बहलोलपुर के सतवीर (27) के साथ शादी हुई थी। पति एक निजी कंपनी में सफाईकर्मी है। उसके तीन बच्चे हैं। घर में महिला पति सतवीर के अलावा जेठ प्रकाश (30), देवर लखन (25) के साथ रहती थी।
पुलिस ने बताया कि सतवीर शनिवार शाम करीब 8 बजे काम से घर वापस आया तो पत्नी को मृत अवस्था में देखा। उसने तुरंत 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फेज-3 थाना प्रभारी अवनीश दीक्षित ने बताया कि मृतक महिला की 6 साल की बच्ची ने बताया कि वह स्कूल से लौटी तो ताऊ के साथ उसकी मां की लड़ाई हो रही थी। उस समय उसे देख दोनों चले गए, लेकिन शाम को करीब 6 बजे फिर से दोनों आपस में झगड़ा करने लगे। तभी ताऊ ने मां पर चाकू से गले और पेट पर दो वार किये, जिससे वह लहूलुहान हो गई।