नरेला इलाके में लूटपाट का विरोध करने पर तीन नाबालिग बदमाशों ने युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जख्मी हालत में युवक से बदमाश मोबाइल लूटकर फरार हो गये। जख्मी युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, इरफान (21) नरेला में रहता है। वह एक कंट्रक्शन कंपनी में काम करता है। शनिवार रात इरफान शौच करने के लिए गया था। इसी दौरान तीन नाबालिगों ने उसे रोक लिया और उससे लूटपाट करने लगे। इरफान ने इसका विरोध किया तो एक बदमाश ने उस पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। बदमाश उसके कमर और हाथ पर चाकू से हमला कर उसे बुरी तरह से जख्मी कर दिया।
जख्मी होने के बाद इरफान नीचे गिर गया। बदमाश उसके जेब से मोबाइल फोन निकालकर फरार हो गये। इरफान किसी तरह से लहूलुहान हालत में अपने कमरे पर पहुंचा और दोस्त को घटना की जानकारी दी। दोस्त उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस वहां पहुंची और पीड़ित के बयान पर लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित ने बताया कि वारदात को अंजाम देने वाले नाबालिगों की उम्र 13-17 साल के बीच थी। पुलिस पीड़ित के बताए हुलिए के आधार पर बदमाशों की तलाश कर रही है।