दिल्ली की जहांगीरपुरी स्थित राजस्थानी उद्योग नगर में मोटर पार्ट्स बनाने वाली एक कंपनी की महिला कर्मचारी की मौत पर लोगों ने जमकर हंगामा काटा।
महिला के परिजनों ने कंपनी कार्यालय पर पथराव कर शीशे तोड़ दिए और जाम लगा दिया। महिला कर्मचारी ने नौकरी से हटाए जाने के कारण सात मई को कंपनी के गेट पर जहरीला पदार्थ खा लिया था।
अस्पताल में उपचार के दौरान शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। शनिवार को परिवार वाले कार्यालय पहुंच कर हंगामा करने लगे। उन्होंने पथराव कर कंपनी के शीशे तोड़ दिए।
मौके पर पहुंचे पुलिस के आला अधिकारियों ने उत्तेजित लोगों को शांत करवाया। तनाव को देखते हुए कार्यालय के बाहर काफी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक राखी (32) उद्योग नगर स्थित स्वीस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में काफी समय से काम कर रही थी। कंपनी के ठेकेदार से राखी की किसी बात पर कहासुनी हो गई।
मामला कंपनी के अधिकारियों तक पहुंचने पर दोनों को काम पर नहीं आने के लिए कह दिया गया। कुछ दिन बाद ठेकेदार को काम पर रख लिया गया, जबकि राखी को कंपनी के भीतर जाने से मना कर दिया गया।
परिवार वालों का कहना है कि इसी वजह से परेशान होकर उसने 7 मई को कंपनी कार्यालय के बाहर जहरीला पदार्थ खा लिया।