ग्रेटर नोएडा में रबूपुरा के भुन्ना तगा गांव में मंगलवार रात एक शराबी पति से विवाद के बाद महिला की रहस्यमय हालात में जलकर मौत हो गई। पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली है। हालांकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मूलत: बुलंदशहर के अरनिया के छलपुर निवासी किरन की शादी 2001 में भुन्ना तगा गांव निवासी किशन से हुई थी। किरन का पति शराब का आदी था और अक्सर इसे लेकर दोनों के बीच विवाद होता था।
मंगलवार रात को भी ऐसा ही हुआ लेकिन उस रात विवाद के बाद किरन की रहस्यमय हालात में जलने से मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि अभी किसी पक्ष की ओर से शिकायत नहीं आई है।
पुलिस का कहना है कि अगर महिला की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कुछ तथ्य आते हैं तो पुलिस अपनी ओर से कार्रवाई कर सकती है।