सेक्टर-49 कोतवाली क्षेत्र के केसर गार्डन के पास यू टर्न पर एक तेज रफ्तार यूपी रोडवेज की पीली बस ने एक महिला को चपेट में ले लिया। जिससे उसकी मौत हो गई। आसपास के लोगों ने चालक को पकड़कर उसकी धुनाई की और पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस ने महिला के शव का पंचनामा भरकर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मूलत: लखीमपुर खीरी निवासी माया (48) सेक्टर-49 थाना क्षेत्र के छलेरा में परिवार के साथ रहती थी। शनिवार शाम को वह किसी काम से बरौला गई थी और वहां से वापस जा रही थी।
जब वह केसर गार्डन यू टर्न पर पहुंची तो एक दादरी की ओर से तेज रफ्तार आई रोडवेज की पीली बस ने महिला को कुचल दिया। जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। कुछ लोगों ने महिला को पास के अस्पताल में भर्ती कराया जहां पर उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जबकि कुछ लोगों ने रोडवेज बस चालक को पकड़कर उसकी जमकर धुनाई की। उसके बाद पुलिस को सूचना दी और आरोपी चालक को सौंप दिया। पुलिस ने माया के परिजनों की तहरीर पर लापरवाही का मामला दर्ज करके आरोपी चालक हाथरस के लालगढ़ी निवासी संजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।