पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर में एक मां ने प्रेमी के साथ मिलकर अपनी ही छह वर्षीय बेटी की गला रेतकर हत्या कर दी। मृतका की शिनाख्त काजल (6) के रूप में हुई है।
दरअसल मासूम काजल ने मां को प्रेमी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था, जिसके बाद वह अपने पिता को सारी बात बताने के लिए कह रही थी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी प्रेमी सुधीर (23) और मां मुन्नी देवी (30) को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, काजल परिवार के साथ बी-1, डीडीए कांप्लेक्स, गाजीपुर डेयरी फॉर्म में रहती थी। इसके परिवार में पिता प्रमोद कुमार, मां मुन्नी देवी, दो भाई व एक बहन है। प्रमोद सब्जी बेचता है।
टीवी देखते हुए काजल गायब हो गई
सांकेतिक चित्र
बुधवार रात 10.30 बजे अचानक टीवी देखते हुए काजल गायब हो गई। प्रमोद व परिवार के बाकी सदस्य उसकी तलाश करने लगे। पुलिस ने भी गुमशुदगी दर्ज कर छानबीन शुरू की। देर रात 1.30 बजे परिसर की छत पर मासूम का शव बरामद हो गया।
उसका गला रेता हुआ था। पुलिस को पता चला कि पड़ोसी सुधीर गायब है। बृहस्पतिवार सुबह पुलिस ने सुधीर को दबोच लिया। सुधीर ने बताया कि काजल की मां मुन्नी देवी से उसके अवैध संबंध थे।
दो दिन पूर्व काजल ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था और सारी बात पिता को बताने की धमकी दी थी। इसी डर से काजल की हत्या की साजिश रची गई। मुन्नी बहाने से काजल को छत पर ले गई। वहां सुधीर पहले से मौजूद था। मुन्नी देवी ने बेटी के हाथ पकड़े और सुधीर ने काजल का गला रेत दिया। वारदात के बाद दोनों शव छोड़कर नीचे आ गए।
बेटी को तलाश करने का नाटक करती रही
प्रतीकात्मक तस्वीर
काजल की हत्या कर मुन्नी देवी वापस नीचे आ गई। पहले उसने बेटी के गायब होने का नाटक शुरू किया। बाद में वह उसकी तलाश मेें जुट गई।
प्रमोद के साथ मिलकर वह तलाशी का नाटक करती रही। यहां तक कि वह बच्ची की गुमशुदगी दर्ज कराने थाने भी पहुंची। देर रात शव बरामद होने पर वह रोती भी रही।
लेकिन बृहस्पतिवार सुबह पुलिस ने सुधीर को दबोच लिया। इसके बाद मुन्नी देवी गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है।