दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वह अवैध हथियारों की खेप लेकर दिल्ली आया था। उसके कब्जे से 26 पिस्टल बरामद की गई है। एक अन्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। गिरोह के सदस्य दिल्ली, यूपी व हरियाणा के बदमाशों को अवैध हथियार सप्लाई करते थे।
स्पेशल सेल उपायुक्त प्रमोद कुशवाह के अनुसार स्पेशल सेल की टीम को 12 अप्रैल को सूचना मिली थी कि अंतरराज्यीय गिरोह दिल्ली, यूपी व हरियाणा के बदमाशों को अवैध हथियार सप्लाई करने में लगा हुआ है। गिरोह के सदस्य धौलाकुआं में अवैध हथियारों की खेप देने आएंगे।
आरोपियों को पकड़ने के लिए इंस्पेक्टर राजेश व एसआई अमरीक सिंह की विशेष टीम बनाई गई। पुलिस टीम ने यहां घेराबंदी कर मध्यप्रदेश निवासी सरनाम सिंह को पकड़ लिया। उसका साथी पप्पू फरार होने में कामयाब हो गया। सरनाम सिंह के कब्जे से बैग में रखी अवैध पिस्टल बरामद की गईं। सरनाम सिंह प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था। वह पप्पू के संपर्क में आया और अवैध हथियारों की सप्लाई करने लगा। वह हथियारों की खेप खारगोन और मध्यप्रदेश से लेता था और दिल्ली, हरियाणा व यूपी के बदमाशों को सप्लाई करता था। आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रयास व चोरी के मामले दर्ज हैं।