ऑपरेशन स्माइल के तहत मुरादनगर की पुलिस टीम ने दिल्ली, मथुरा और आगरा से सात बच्चों को बरामद किया है। बच्चों के बताए पते को पुलिस वेरीफिकेशन करने में जुटी है।
बरामद सात में से चार बच्चों ने पूछताछ में खुलासा किया है कि दिल्ली में एक दाढी वाला बाबा उनसे दिनभर भीख मंगवाता था और रात में खाने की जगह नशा देता था।
दिल्ली के क्नॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर के पास से बरामद होने वाले बच्चों में जसविंदर (12) पुत्र शैलेंद्र निवासी सहारनपुर, रमजान(12) पुत्र असलम ट्रांसपोर्ट नगर सरोजनी नगर लखनऊ, विवेक (13) पुत्र गणेश निवासी गरिमा गार्डन साहिबाबाद, सलमान (14) पुत्र सलीम दोहरा बाईपास अलीगढ़ के रहने वाले हैं।
पूछताछ में चारों बच्चों ने बताया कि माता-पिता की डांट के चलते उन्होंने घर छोड़ा था और ट्रेन में बैठकर दिल्ली पहुंचे थे। स्टेशन पर उन्हें एक दाढ़ी वाला बाबा मिला, वह उन्हें अपने साथ ले गया।
बाद में मारपीट कर उन्हें भीख मांगने पर लगा दिया। बाबा उन पर नजर रखता था। बच्चों की मानें तो रात में रोटी की जगह उन्हें सफेद से पाउडर का नशा दिया जाता था।
इसके अलावा पुलिस टीम ने आगरा बाल कल्याण समिति से महराज (7) पुत्र अरशद निवासी भूतवाली गली लक्ष्मी पार्क नांगलोई, रोहताश (7) पुत्र सतपाल बदायूं को बरामद किया है।
इन दोनों बच्चों को अलग-अलग तिथियों में जीआरपी ने रेलवे स्टेशन से पकड़कर समिति को सौंपा था। वहीं रिजवान (10) पुत्र अनीस निवासी पुरानी चुंगी खुर्जा बुलंदशहर को मथुरा बाल कल्याण समिति से बरामद किया गया है। रिजवान मंदबुद्धि है। रेलवे पुलिस ने 26 अगस्त को उसे स्टेशन से पकड़कर समिति को सौंपा था।