दादरी में आईसीआईसीआई बैंक में नोट बदलने के लिए लगी लंबी लाइन में आगे लगने पर दो युवकों में मारपीट हुई। दूसरे लोगों ने बीच बचाव करके उनको अलग किया। बाद में दोनों ने ही 100 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी।
दादरी के जीटीरोड पर आईसीआईसीआई बैंक में नोट बदलने के लिए लोगों की बुधवार को लाईन लगी थी। सवेरे सात बचे से लाइन में लोग लगे थे। बैंक के खुलने के बाद भी नोट बदलने शुरू नहीं किया गए। बैंक के कर्मचारियों का कहना था कि नकदी आने के बाद ही नोट बदलने का काम शुरू किया जाएगा।
दोपहर करीब 12 बजे नकदी आने पर काम शुरू हुआ। इसी बीच दो युवकों में लाईन में आगे पीछे होने को लेकर विवाद हो गया। विवाद के चलते दोनों में मारपीट हुई। लाइन में ही लगे कुछ लोगों ने उनको अलग किया।
हालांकि दोनों युवकों ने ही 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर दादरी पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों की बात सुनने के बाद मामले को शांत किया। मामले में कोई भी शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की कोई शिकायत नहीं मिली है। अगर शिकायत मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।