जहांगीरपुरी के मुकुंदपुर इलाके में मंगलवार सुबह निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर स्टंट करने के दौरान बुलेट सवार दो किशोर फ्लाईओवर से नीचे गिर गए। पुलिस ने दोनों को बाबू जगजीवन राम अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां डॉक्टरों ने एक किशोर को मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरे को लोकनायक अस्पताल में रेफर कर दिया। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस के अनुसार, मृत किशोर की शिनाख्त करण उर्फ कन्नू (15) और घायल किशोर की पहचान विकास (17) के रूप में हुई है।
दोनों मुकुंदपुर इलाके में रहते थे। करण सरकारी स्कूल की सातवीं कक्षा में पढ़ता था। मंगलवार सुबह साढ़े सात बजे पुलिस को सूचना मिली कि मुकुंदपुर में निर्माणाधीन फ्लाई ओवर से दो लोग नीचे गिर गए हैं।
पुलिस ने जख्मी दोनों किशोरों को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने करण को मृत घोषित कर दिया। वहीं विकास को इलाज के लिए लोक नायक अस्पताल रेफर कर दिया।