विद्युत निगम के अधिकारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग पर पुलिस के लाठी चार्ज करने के विरोध में भूख हड़ताल आठवें दिन भी जारी रही। वहीं, अनशन पर बैठे दो और ग्रामीणों अजय और धर्म सिंह की हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले नीरज की तबियत बिगड़ने पर उन्हें नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका है।
अभी तक प्रशासन ने अनशनकारियों की कोई सुध नहीं ली है। इससे ग्रामीणों ने नाराजगी है। बुधवार को आंदोलन की आगे की रणनीति बनाने के लिए महापंचायत बुलाई है। दूसरी ओर, ग्राम कैमराला, चक्रसैनपुर, भोगपुर, रामगढ़ के ग्रामीणों ने कैमराला मंदिर पर अनिश्चित कालीन धरना शुरू कर दिया है। इसके अलावा किसान नेता बलराज भाटी ने भी अनशन शुरू कर दिया है।
अनशनकारी सुनील फौजी का कहना है कि बिजली के भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज व कोतवाल को निलंबित नहीं किये जाने तक अनशन जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि अनशनकारियों को भारतीय किसान यूनियन, कांग्रेस, बसपा समेत अन्य राजनीतिक दलों का समर्थन मिल रहा है। बुधवार को महापंचायत कर आर-पार की लड़ाई का बिगुल बजा दिया जाएगा। इस दौरान मौके पर वीर सिंह, श्रीपाल भाटी, चतर सिंह, श्यामलाल मुखिया, श्रीचंद नेताजी, सुंदर भाटी, भीमसिंह, संजीव भाटी समेत ग्रामीण मौजूद थे।
क्या है मामला
गांव चिटहेरा के ग्रामीण बीते 28 जून को विद्युत निगम अधिकारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों पर लाठीचार्ज कर खदेड़ दिया। कोतवाल को निलंबित करने और निगम के अधिकारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग को लेकर चिटहेरा के हनुमान मंदिर पर सुनील फौजी, नीरज, धर्मसिंह, अजय कुमार और सतवीर अनशन पर बैठे हैं। वहीं बाद में राजसिंह व राजेंद्र भी भूख हड़ताल पर बैठ गए।