बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के एनटीपीसी रोड स्थित अंबुजा सीमेंट कंपनी के पास अपाचे सवार दो बदमाशों ने तमंचा दिखाकर एक कंपनी के सेल्समैन से दो लाख की नकदी लूट ली। पुलिस ने बताया कि नगर के रेलवे रोड स्थित जन धन लक्ष्मी फाइनेंस कंपनी में फतेहपुर सीकरी निवासी दलबीर सिंह पुत्र मोहन सिंह सेल्समैन के पद पर नौकरी करता है।
बुधवार दोपहर वह जारचा कोतवाली के गांव बिसाहड़ा से नकदी वसूलकर बाइक से जा रहा था। बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के एनटीपीसी रोड स्थित अंबुजा कंपनी के पास पहुंचा तो पीछे अपाचे बाइक पर सवार दो बदमाशों ने तमंचे के बल पर उसे रोक लिया। गोली मारने की धमकी देकर दो लाख की नकदी लूट ली।
विरोध करने पर मारपीट कर घायल कर दिया। बदमाशों के फरार होने पर पीड़ित ने शोर मचाया। बादलपुर कोतवाली प्रभारी अनंतदेव मिश्र का कहना है कि अभी तक पीड़ित ने घटना की तहरीर नही दी है। पुलिस टीम बदमाशों की तलाश में लगी है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।