मध्य प्रदेश केइंदौर जिले से बच्चे को लेने नोएडा पहुंची पुलिस को उसकी मां के हंगामे का सामना करना पड़ा। मां ने पहले बच्चे के अपहरण की सूचना दे दी। फिर उसने मध्य प्रदेश पुलिस की कस्टडी से बच्चे को गायब कर दिया। जिससे अफरा-तफरी मच गई। मामला थाना सेक्टर-39 क्षेत्र का है।
इंदौर के वकील सुधीर शाह का पत्नी राशि शाह से कुछ विवाद चल रहा है। राशि तीन साल से अपने 12 वर्षीय बेटे को लेकर नोएडा के सेक्टर-100 में अपनी एक महिला मित्र के साथ रहती है। कार्तिक के चाचा वकील जीतेन्द्र शाह ने बताया कि राशि नोएडा में कहीं नौकरी करती हैं।
साथ ही वह किसी आश्रम से जुड़ी हैं। अपनी महिला मित्र के बहकावे में आकर राशि तीन साल से पति से अलग रह रही हैं। इस दौरान वह कई बार घर में बेटे को अकेला छोड़कर आश्रम में भी रह चुकी हैं। इस वजह से कार्तिक के पिता उसके भविष्य को लेकर काफी चिंतित थे।
उन्होंने इन तीन साल में पत्नी से सुलह करने का कई बार प्रयास किया। कोई रास्ता न निकलने पर उन्होंने इंदौर कोर्ट में बेटे की कस्टडी के लिए याचिका डाली थी। कोर्ट ने नौ मार्च को कार्तिक को पेश करने केलिए इंदौर पुलिस को आदेश दिए थे।
बच्चे को लेने के लिए इंदौर पुलिस मंगलवार रात उनके साथ नोएडा पहुंची। पुलिस ने थाना सेक्टर-39 में आमद करा बुधवार को बच्चे को कस्टडी में ले लिया। इसी दौरान उसकी मां ने जमकर हंगामा किया और अपनी महिला मित्र के साथ मिलकर इंदौर पुलिस की कस्टडी से बच्चे को गायब कर दिया।
हालांकि बाद में इंदौर पुलिस ने नोएडा पुलिस के सहयोग से उसे बरामद कर लिया। इंदौर पुलिस बच्चे को कोर्ट में प्रस्तुत करने के लिए मध्य प्रदेश रवाना हो चुकी है।