दिल्ली से आगरा के बीच चलने वाली ट्रेनों में चोरी करने वाले दो बदमाशों को जीआरपी ने गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 15 मोबाइल फोन और दो कैमरे बरामद किए गए हैं। सोमवार को दोनों बदमाशों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
जीआरपी थाना प्रभारी ललित कुमार ने बताया कि बल्लभगढ़ चौकी में तैनात एएसआई भीम सिंह रविवार रात प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर चेकिंग कर रहे थे कि दो संदिग्ध व्यक्ति घूमते हुए दिखाई दिए।
दोनों को हिरासत में लेकर जब पूछताछ की गई तो उन्होंने ट्रेनों में चोरी करने की बात कबूल की। पकड़े गए बदमाशों की पहचान विनोद कुमार साहू निवासी परसोनी, मधुबनी व राहुल देव सिंह निवासी उजियारपुर समस्तीपुर बिहार के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि इनकी निशानदेही पर 15 मोबाइल फोन और दो कैमरा बरामद हुआ है। उन्होेंने बताया कि ये बदमाश तड़के और देर रात चलने वाली गाड़ियों को निशाना बनाते थे।