बादलपुर पुलिस ने गांव शादीपुर छिड़ौली में करीब तीन सप्ताह पहले एक युवती का शव कब्र से निकालकर तंत्र विद्या करने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। युवक ने तंत्र विद्या क़े जरिए कर्ज पाटने के लिए शव को कब्र से निकाला था।
घटना से पहले वह दिल्ली से तंत्र विद्या की किताब खरीदकर लाया था, जिसे पढ़कर वह तंत्र कर रहा था। पुलिस ने बताया कि शादीपुर छिड़ौली में जीमल की बेटी की बीमारी से 17 मई को मौत हो गई थी।
गांव महावड़ निवासी सद्दाम हुसैन पुत्र फारूख हुसैन ने तंत्र विद्या कर धन कमाने के लिए गांव शादीपुर छिड़ौली के कब्रिस्तान से रात के समय कब्र खोदकर युवती के शव को बाहर निकाल लिया।
उसका सिर और हाथ काटकर कब्रिस्तान से करीब एक किलोमीटर दूर ले गया। सिद्धि प्राप्त करने के लिए तंत्र विद्या की। पुलिस ने घटना के करीब तीन सप्ताह बाद उसे गांव से गिरफ्तार कर लिया। गहन पूछताछ में सद्दाम ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
सद्दाम ने बताया कि बादलपुर के सादोपुर की झाल पर उसकी लोहे की वेल्डिंग की दुकान है। कारोबार ठीक से न चलने से कर्ज में डूब गया है। वह दिल्ली की मस्जिद पर गया। वहां पर नक्ष नाम के जादू की किताब खरीदी। वह सिद्धि प्राप्त कर धन कमाना चाहता था, जिससे कि कर्ज को पाट सके। तंत्र विद्या करने के बाद वह महिला का सिर, हाथ और पैर वहीं पर छोड़कर चला गया।