तिहाड़ जेल के सीपीआरओ-वन में डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ज्ञानसिंह की पुत्रवधू ने सोमवार सुबह सफदरजंग अस्पताल में दम तोड़ दिया। उसे 65 फीसदी जली हालत में सफदरजंग अस्पताल में 17 सितंबर की शाम भर्ती कराया गया था। मृतका ने पति और ससुर पर जिंदा जलाने का आरोप लगाया था।
पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्जकर ज्ञानसिंह और उनके बेटे को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया था। दक्षिण जिला डीसीपी प्रेम नाथ ने बताया कि हत्या के प्रयास के मामले में अब हत्या की धारा भी जोड़ दी गई है। वसंतकुंज (नार्थ) थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार उषा (26) की महिपालपुर निवासी नितिन से वर्ष 2011 में शादी हुई थी। इन्हें दो वर्ष का बेटा है। नितिन एक होटल में नौकरी करता है।
उषा के भाई राकेश ने आरोप लगाया है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल पक्ष के लोग अक्सर मारपीट करते थे। उसकी बहन से लग्जरी कार की डिमांड की जा रही थी। पिछले बुधवार को दोपहर तीन बजे ससुर ज्ञान सिंह, सास रोशनी देवी और पति नितिन ने उषा से पहले मारपीट की, इसके बाद केरोसिन डालकर आग लगा दी।