ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार तड़के एक ट्रैक्टर, महिंद्रा पिकअप और ट्रक आपस में टकरा गए।
इसमें पिकअप के चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके अलावा एक अन्य युवक भी घायल हो गया। पुलिस ने तीनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस ने बताया कि अलीगढ़, बनिया खेड़ा निवासी हरिओम (23) अलीगढ़ में ही एक पनीर भंडार पर काम करता था। शनिवार देर रात को वह महेंद्रा पिकअप से दिल्ली पनीर लेकर गया था।
यह भी पढ़ें: आंधी-पानी से नोएडा में 10 करोड़ का नुकसान
माल उतार कर वापस अलीगढ़ लौट रहा था। तड़के करीब 4 बजे जब उसकी गाड़ी यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट से 30 किलोमीटर पर पहुंची तो अचानक आगे आए एक ट्रैक्टर से टकरा गई।
इसके बाद पीछे से आ रहे ट्रक ने भी महेंद्रा पिकअप को टक्कर मार दी, जिससे पिकअप चला रहा हरीओम और उसका साथी हिसार निवासी अनिल गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायलों को एक्सप्रेसवे कर्मियों ने कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर हरिओम ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर मौके से तीनों वाहनों को अपने कब्जे में कर लिया है। जबकि ट्रक और ट्रैक्टर चालक फरार हो गए।