कपड़े देने का झांसा देकर ऑटो सवार महिला एक मां से उसकी तीन माह की बच्ची छीनकर फरार हो गई। पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस और सीआईए बड़खल बच्ची की तलाश में जुटी हैं।
मूल रूप से गोरखपुर (यूपी) के रतनपुरा गांव की रहने वाली शशिकला घरों से पुराने कपड़ों से बर्तन बदलने का काम करती है। शशिकला के मुताबिक, बीस दिन पहले ही वह रोजी रोटी के लिए परिवार के साथ गांव से फरीदाबाद आई थी।
ओल्ड फरीदाबाद स्थित सीएनजी पंप के पीछे झुग्गी में रहने वाले चाचा के यहां परिवार के साथ रहने लगी। शनिवार की शाम पांच बजे के करीब पति और चाचा कहीं गए हुए थे। वह तीन माह की बेटी के साथ झुग्गी के बाहर बैठी थी। इस दौरान दो महिलाएं ऑटो में आईं। एक महिला मीठी बातें करते हुए बच्ची को गोद में लेकर खिलाने लगी।
उक्त महिला ने शशिकला से कहा कि उसके घर में बच्ची के लिए कुछ कपड़े रखे हैं। कपड़े देने के लिए घर तक साथ चलने को कहा, उसने मना किया तो महिलाओं ने कहा कि वह उसे वापस छोड़ भी देंगी। ऑटो चालक ने भी उसे वापस छोड़ने का आश्वासन दिया। झांसे में आकर वह बच्ची को लेकर महिलाओं के साथ ऑटो में बैठ गई। काफी देर तक ऑटो में बिठाकर गलियों में घुमाते रहे।
उसके बाद एनआईटी-1 के डी ब्लॉक में एक घर के सामने ऑटो रोका और उतरकर बोली कि अभी घर में ताला लगा हुआ है, इसलिए कपड़े नहीं दे सकती। शक होने पर शशिकला ऑटो से उतरकर पैदल ही वापस जाने लगी।
वह कुछ दूर ही चली होगी कि पीछे से ऑटो आया। उसमें से उतरी एक महिला शशिकला के हाथ से बच्ची छीनकर ऑटो में बैठकर फरार हो गई। सीआईए बड़खल टीम ने रविवार को पीड़िता को लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
टीम ने ऑटो के भागने के संभावित रास्तों का भी निरीक्षण किया। एसएचओ कोतवाली इंस्पेक्टर सुमन ने बताया कि सीआईए बड़खल टीम बच्ची और ऑटो चालक की खोज कर रही है, जल्द ही आरोपी पकड़े जाएंगे।