ओल्ड रेलवे स्टेशन पर समता एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक यात्री का मोबाइल छीनकर भाग रहे बदमाशों को जीआरपी ने पकड़ लिया। उनके कब्जे से छीना गया मोबाइल भी बरामद कर लिया है। जीआरपी बदमाशों से पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र निवासी मंगेज देशमुख बुधवार की शाम समता एक्सप्रेस में सफर कर रहा था। उसे निजामुद्दीन उतरना था। ये ट्रेन शाम 6:30 बजे फरीदाबाद स्टेशन पर रुकी। इसी दौरान दो युवक भी ट्रेन में चढ़ गए और ट्रेन चलते ही मंगेज के हाथ से मोबाइल छीनकर कूद गए।
शोर मचाने पर प्लेटफार्म पर ड्यूटी कर रहे जीआरपीकर्मी राजेंद्र सिंह डागर ने दोनों को पकड़ लिया। पकड़े गए बदमाशों की पहचान गोलू निवासी गांधी कॉलोनी और फैजल निवासी ओखला मंडी नई दिल्ली के रूप में हुई है।
वहीं दूसरी ओर बल्लभगढ़ स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर चार पर जनता एक्सप्रेस में सफर कर रहे मुंबई के एक यात्री से मोबाइल छीनकर भाग रहे बदमाश को गश्त कर रहे जीआरपीकर्मी विश्वास कुमार ने पकड़ लिया। उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। बदमाश की पहचान जयप्रकाश गांव कौराली, तिगांव फरीदाबाद के रूप में हुई है।