गर्लफ्रेंड को शॉपिंग कराने के लिए तीन युवकों ने ‘बदमाश कंपनी’ फिल्म की तर्ज पर एक गिरोह बना लिया। दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में रेकी कर मॉल, मल्टीप्लेक्स, कालोनिया और मार्केट के बाहर खडे़ वाहनों को चोरी कर यह गिरोह बुलंदशहर में बेच रहा था।
विजयनगर पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर गिरोह का खुलासा किया है। इनके कब्जे से पुलिस को चोरी की दस बाइक बरामद हुई हैं। सीओ प्रथम इंदरपाल सिंह ने बताया कि पकडे़ गए वाहन चोर सोनू निवासी अलीगढ़ और गोविंद निवासी बुलंदशहर हैं।
दोनों विजयनगर के सजवान नगर में किराए पर रहते हैं। दोनों चोरी की बाइक लेकर एनएच-24 के रास्ते बुलंदशहर जा रहे थे। सोनू ने बताया कि उसकी दो गर्लफ्रेंड हैं, उन्हें शॉपिंग कराने, बाइक पर घुमाने, मूवी दिखाने और टूर पर ले जाने के लिए बाइक चोरी करता था।
नहीं मिली नौकरी, कहां से करता गर्लफ्रेंड की डिमांड पूरी
पुलिस हिरासत में सोनू ने बताया कि वह दसवीं पास है, मास्टर चाभी से वाहन चोरी करता था। उसने बताया कि वाहन चोरी से पहले उसने कई जगह नौकरी की तलाश की थी लेकिन जॉब नहीं मिली। गर्लफ्रेंड की डिमांड पूरी करने के लिए वाहन चुराने लगा।
नया गिरोह, नया ट्रेंड
एसओ विजयनगर ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों बदमाशों का यह नया गिरोह है, इससे पहले ये दोनों जेल नहीं गए हैं।
बदमाशों ने ट्रेंड भी बदल दिया है, पहले पकडे़ गए वाहन चोर दावा करते थे कि वह चोरी के वाहनों को मेरठ में बेचते हैं लेकिन यह गिरोह चोरी के वाहनों को बुलंदशहर में बेच रहा था। बुलंदशहर में वाहन बेचने का काम गोविंद के जरिए किया जाता था, तीसरा बदमाश भी गोविंद का ही दोस्त है।