सेक्टर-24 कोतवाली क्षेत्र के सेक्टर-52 स्थित अरावली अपार्टमेंट में एक ही रात दो फ्लैट में चोरी का मामला सामने आया है। शनिवार रात को हुई वारदात में बदमाशों ने नकदी समेत 8.5 लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया।
वारदात के वक्त दोनों फ्लैट में कोई नहीं था। एक परिवार बेटी का इलाज कराने के लिए अस्पताल में था। वहीं दूसरा परिवार देहरादून गया था। जानकारी के मुताबिक अमीष कुमार श्रीवास्तव नोएडा सेक्टर-52 स्थित अरावली अपार्टमेंट में सपरिवार रहते हैं।
शनिवार को अचानक उनकी बेटी आशी बीमार हो गई। आनन-फानन में उसे फोर्टिस अस्पताल भर्ती कराना पड़ा। रात को अमीष पत्नी के साथ बेटी के पास ही अस्पताल में रुक गए। सुबह उन्होंने अपनी पत्नी को घर भेज दिया।
घर पहुंचने पर अमीष की पत्नी ने देखा कि मुख्य दरवाजा खुला था और ताले टूटे हुए थे। घर का सारा सामान बिखरा हुआ था। उन्होंने सुरक्षा गार्डों को बुलाया और अंदर जाकर देखा तो आलमारी का ताला टूटा हुआ था। जिसमें से 40 हजार रुपये और करीब 8 लाख रुपये के गहने समेत लैपटॉप और मोबाइल भी गायब थे।