दक्षिण जिले के स्पेशल स्टाफ पुलिस ने ऐसे दो बदमाशों को दबोचा है, जो चोरी के मोबाइल दिल्ली से खरीदकर पंजाब में आईएमईआई नंबर बदलकर बेच दिया करते थे।
आरोपियों के पास से चोरी के 249 मोबाइल, 19 लैपटॉप, 9 आईपैड, 105 लैपटॉप चार्जर, 15 मोबाइल चार्जर, 30 लैपटॉप बैग, 24 आईफोन के मदर बोर्ड और अन्य सामान बरामद हुए हैं। पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी से चोरी व लूट के 41 मामले सुलझाने का दावा किया है।
पुलिस उपायुक्त ईश्वर सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान दिल्ली निवासी सत्येंद्र प्रताप सिंह (38) और यादू कॉलोनी, मुक्तसर, पंजाब निवासी चंदन मक्कर (21) के रूप में हुई।
मोबाइल के आईएमईआई नंबर बदलवाता और उन्हें अच्छे दामों पर बेच देता था
file photo
- फोटो : अमर उजाला
उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से जिले में चोरी व झपटमारी की वारदात में तेजी से इजाफा हो रहा था। लोकल पुलिस के अलावा स्पेशल स्टाफ पुलिस भी आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि छतरपुर विस्तार निवासी सत्येंद्र प्रताप सिंह चोरी के माल का खरीदार है। पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में सत्येंद्र ने बताया कि वह चोरी के मोबाइल दीपक उर्फ गंजा से खरीदता है और पंजाब में चंदन मक्कर को बेच देता है।
वहीं, दीपक झपटमारों और बदमाशों से मोबाइल खरीदता है। सत्येंद्र से पूछताछ के बाद पंजाब से चंदन को भी गिरफ्तार कर लिया गया। चंदन ने पुलिस को बताया कि वह सदर मुक्तसर में मोबाइल की दुकान चलाता है।
गफ्फार मार्केट में उसकी मुलाकात सत्येंद्र से हुई थी। तभी से वह चोरी के मोबाइल उससे लेता था। चंदन अपने साथी अनमोल उर्फ काकू के साथ मिलकर गुलशन नामक शख्स से मोबाइल के आईएमईआई नंबर बदलवाता और उन्हें अच्छे दामों पर बेच देता था। पुलिस दोनों से पूछताछ कर बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है।