चोरों ने शहरवासियों के नाक में दम तो किया ही हुआ है, साथ ही साथ अब पुलिसकर्मियों के घर में भी सेंध लगानी शुरू कर दी है। बुधवार को पुलिस लाइन में घर से बाहर टहलने गए हेड कांस्टेबल के घर चोरों ने सेंध लगा दी।
हेड कांस्टेबल महज 40 मिनट के लिए ताला लगाकर पुलिस लाइन में ही टहल रहे थे। जब वे वापस लौटे तो घर का नजारा देखकर इसकी सूचना सिविल लाइन थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार धर्मवीर सिंह हरियाणा पुलिस में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं। वे यहां पुलिस लाइन की टावर सी में तीसरी मंजिल पर रहते हैं। उनकी ड्यूटी मानेसर एसीपी धर्मबीर सिंह के साथ है।
पौधों को पानी देने के लिए घर का ताला खोला तो पाया...
उधर, दूसरे मामले में अज्ञात चोरों ने टेकचंद नगर में बंद पड़े मकान में सेंध लगाई है। राजेंद्रा पार्क थाना पुलिस को दी शिकायत में अनिल कुमार चौधरी ने कहा कि वह सितंबर महीने में उनकी रिश्तेदारी में मौत हो गई थी, जिसके चलते पूरा परिवार वहां गया हुआ था।
वह पड़ोस में रहने वाले एक परिवार को घर का ध्यान रखने को कहकर गए थे। वह हर तीसरे दिन घर में रखे पौधों में पानी देने जाते थे। 16 सितंबर को पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति का फोन आया और उसने बताया कि जब वह पौधों को पानी देने के लिए उसने घर का ताला खोला तो अंदर सारा सामान बिखरा हुआ मिला।
इस पर उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। परिजनों ने लौट कर मंगलवार को पुलिस को शिकायत दी, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। मामले की जांच कर रहे एएसआई रविन्द्र कुमार ने बताया कि चोरों ने उनके घर में रखे करीब 9 हजार रुपये व गहने चोरी कर लिए हैं। मामले की जांच की जा रही है।
30 हजार रुपये के खुल्ले रुपये चोरी कर लिए
चोरी
तीसरे मामले में ग्वाल पहाड़ी निवासी महिपाल ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि अज्ञात चोरों ने मंगलवार को उनके यहां से 24 बैट्री चोरी कर ली हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चौथे मामले में शहर थाना पुलिस ने एक दुकान का ताला तोड़कर नकदी चोरी करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में कृष्ण लाल ने कहा कि अज्ञात चोरों ने उसकी दुकान से मंगलवार सुबह शटर तोड़कर यहां रखे करीब 30 हजार रुपये के खुल्ले रुपये चोरी कर लिए। एएसआई पवित्र का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
पांचवें मामले में उद्योग विहार थाना पुलिस ने सुशांत लोक निवासी समीर चावला की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज किया है। शिकायत में उन्होंने कहा कि अज्ञात व्यक्ति ने इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन से 20 लेदर की जैकेट चोरी कर ली हैं।