सरस्वती इन्क्लेब में रहने वाले मकान मालिक की हत्या के मामले में फर्रुखनगर थाना पुलिस ने सोमवार को प्रेमिका व दो अन्य को अदालत में पेश किया। जहां पर अदालत ने महिला को 14 दिन की न्यायिक हरेरासत में भोंडसी व प्रेमी सहित दो को दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है।
फर्रुखनगर थाना पुलिस को तीन दिन पहले एक युवक की सरसों के खेत में लाश मिली थी। पुलिस ने उसकी पहचान सरस्वती इन्क्लेब निवासी सुरेन्द्र (35) के रूप में हुई। पुलिस ने उसके पास किराये पर रहने वाली रेखा व उसके प्रेमी अभिमन्यु के साथ उसके दोस्त विजय को रविवार को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को चरन सिंहल की अदालत में पेश किया। जहां पर अदालत ने रेखा को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया है।
इसके साथ ही पुलिस ने रेखा के प्रेमी अभिमन्यु व उसके दोस्त विजय को दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है। थाना प्रभारी फर्रुखनगर मुकेश कुमार ने बताया कि महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
हत्या के पीछे मकान मालिक की ओर से महिला से छेड़छाड़ की बात सामने आयी। जिस बात से नाराज होकर महिला के प्रेमी अभिमन्यु ने अपने दोस्त के साथ मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस रिमांड के दौरान वारदात में प्रयोग कार व घटना स्थल की निशानदेही के साथ अन्य जांच पूरी करेगी।