मारपीट करने के बाद ऑटो चालकों को पकड़ कर ले जाती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
मोहाली में फेज-1 स्थित चंडीगढ़ बैरियर के पास उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया। जब आपस में भिड़ रहे आटो चालकों को छुड़वाने के लिए पीसीआर कर्मी पहुंचे। लेकिन आटो चालक इसी बीच पीसीआर कर्मियों से भिड़ गए।
मुलाजिमों की वर्दी तक फाड़ दी। इसके बाद पुलिस कर्मियों की शिकायत थाना फेज-एक में हरजिंदर और हरगोपाल निवासी चंडीगढ़ समेत पांच लोगों पर विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक फेज-एक स्थित बैरियर के पास आटो वाले आपस में भिड़ रहे थे। यह देख इस संबंध में किसी व्यक्ति ने सौ नंबर पर पुलिस को सूचित कर दिया। सूचना मिलते ही पीसीआर पार्टी मौके पर पहुंची।
पुलिस ने माहौल शांत करने की कोशिश की। उन्होंने ऑटो वालों को झगड़ने से रोका। इसी बीच ऑटो वाले पुलिसकर्मियों से उलझ गए। उन्होंने पहले पुलिस मुलाजिमों से बहस की। इसके बाद गाली-गलौच करने लगे।
पीसीआर कर्मियों ने उन्हें फिर भी शांत करने की कोशिश की। इसी बीच उक्त ऑटो ड्राइवर मुलाजिमों से भिड़ गए। मुलाजिमों की वर्दी तक फाड़ दी। इसके बाद पुलिस ने मौके से दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। फिर पुलिस आरोपियों को फेज-एक थाने ले गई। जहां उनसे पूछताछ की गई।
इसके बाद पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। पुलिस का दावा है कि अन्य आरोपियों को जल्द काबू कर लिया जाएगा। पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट का यह पहला मौका नहीं है, इससे पहले भी कई मामले हो चुके हैं। एक बार तो पुलिसकर्मी का सिर फोड़ दिया गया था।