धूम-2 फिल्म से प्रभावित होकर युवकों ने प्रगति मैदान स्थित नेशनल हैंडीक्रॉफ्ट और हैंडलूम म्यूजियम से करीब दो करोड़ कीमत की 16 पश्मीना शॉलें चोरी कर लीं। लेकिन चंद ही दिनों में पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़कर वारदात का खुलासा कर दिया।
आरोपी एंटीक शॉलों को विदेश में बेचने की फिराक में थे। पकड़े गए आरोपी की पहचान मुख्य साजिशकर्ता विनय परमार (28), तरुण हर्वोदय (25) और मो. आदिल शेख (40) के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से चोरी की गईं सभी 16 शॉलें बरामद कर ली गई हैं।
नई दिल्ली जिला पुलिस उपायुक्त बीके सिंह ने बताया कि 31 अक्तूबर को प्रगति मैदान स्थित नेशनल हैंडीक्रॉफ्ट और हैंडलूम म्यूजियम से दो करोड़ की 16 पश्मीना शॉलें चोरी होने की कॉल मिली थी।
म्यूजियम के प्रबंधक व सिक्योरिटी अधिकारी डी रामाकृष्णा राव ने बताया कि 29 अक्तूबर को म्यूजियम बंद किया गया था। 31 की सुबह जब खोला गया तो सभी कीमती शॉलें गायब थी।
अधिकारी ने बताया कि सभी शॉले कश्मीर से करीब 250 साल पहले आई थीं, जिनकी कीमत दो करोड़ से अधिक है। सूचना के बाद फौरन तिलक मार्ग थाने में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई।
जांच के लिए तिलक मार्ग थाने के एसएचओ नरेश सोलंकी व अन्य की टीम ने जांच शुरू की। टेक्निकल सर्विलांस के आधार पर पुलिस ने 13 नवंबर को विनय परमार को कोलकाता से दबोच लिया।
उसके साथी तरुण हर्वोदय को भी कोलकाता से दबोच लिया गया। दोनों ने वारदात में अपना हाथ होने की बात कबूल कर ली। इनकी निशानदेही पर 15 शॉल बरामद हुई।
दोनों ने बताया कि एक शॉल इन लोगों ने अपने एक अन्य दिल्ली निवासी साथी आदिल शेख को दी थी। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर उसके पास से शॉल बरामद कर ली। तीनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन जारी है।