उत्तरी दिल्ली के कोतवाली इलाके में कारोबारी का पुराना नौकर दुकान में रखे 10 लाख रुपये लेकर रफूचक्कर हो गया। पीड़ित योगेश कुमार जब अपनी दुकान पहुंचे तो उन्हें वारदात की जानकारी हुई।
फौरन मामले की सूचना पुलिस को दी गई। छानबीन के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी नौकर की तलाश में एक टीम को बिहार रवाना कर दिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की छानबीन करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस के मुताबिक चांदनी चौक में रहने वाले योगेश कुमार की लाजपत राय मार्केट में इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान है। पिछले करीब तीन सालों से इनकी दुकान पर बिहार के सहरसा का रहने वाला सुनील तीन सालों से नौकरी कर रहा था।
पिछले शुक्रवार को उन्होंने अपनी दुकान के गल्ले में 10 लाख रुपये रखे थे। इस बीच शनिवार को वह दुकान पहुंचे तो गल्ले में रखे रुपये गायब मिले। उन्होंने अपने नौकर सुनील को कॉल करने का प्रयास किया तो उसका मोबाइल बंद मिला।
पीड़ित को फौरन अपने नौकर पर शक हुआ। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने छानबीन कर मामला दर्ज कर लिया। रविवार को एक टीम बिहार रवाना कर दी गई है। दिल्ली स्थित ठिकाने पर भी छापेमारी की जा रही है। पुलिस दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से छानबीन कर रही है।