भाई से मारपीट पर मां के डांटने से परेशान नंदग्राम कृष्णा कुंज निवासी तुषार (12) बंद कमरे में रस्सी का फंदा बनाकर पंखे से लटक गया। परिजनों ने गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
एसओ सिहानी गेट कोतवाली मनोज कुमार ने बताया कि कृष्णा कुंज फ्री होल्ड में सुरेश कुमार शर्मा परिवार के साथ रहते है। ट्रांसपोर्टर सुरेश बृहस्पतिवार शाम अपने आफिस पर थे। घर पर पत्नी और बच्चे थे। शाम करीब सात बजे तुषार शर्मा (12) अपने भाई के साथ मारपीट कर रहा था।
मारपीट होते देख मां ने तुषार को डांट दिया था। डांट से नाराज होकर तुषार कमरे में पहुंचा और पंखे से रस्सी का फंदा लगा कर लटक गया। कुछ देर बाद परिजनों के कमरे में जाने पर वारदात का पता चला।
गंभीर हालत में परिजनों ने पहले मरियम अस्पताल में भर्ती कराया, देर शाम उसे नरेंद्र मोहन अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। देर रात अस्पताल में उसकी मौत हो गई। तुषार की मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। उसकी मां अब खुद को कोस रही है।
8 वीं क्लास का होनहार छात्र था तुषार
एसओ ने बताया कि तुषार क्षेत्र स्थित निजी स्कूल में 8 वीं क्लास का छात्र था। वह पढ़ाई में हमेशा अव्वल रहता था। पिछले वर्ष भी उसने अच्छे अंक प्राप्त किये थे।