राज्यसभा टीवी की पत्रकार(प्रोड्यूसर) मिलिता दत्ता के पति सूर्य ज्योति मंडल व परिजनों को क्राइम ब्रांच की तरफ से दोबारा नोटिस जारी हो सकते हैं। बृहस्पतिवार को पहला नोटिस भेजने के तीन दिन बाद भी पति और परिजन बयान दर्ज कराने थाने नहीं पहुंचे।
परिवार वैशाली सेक्टर-4 महागुन मोजैक का फ्लैट छोड़कर सीआर पार्क दिल्ली के निवास पर रहने चला गया है। क्राइम ब्रांच के एसएचओ राजेश द्विवेदी ने बताया कि शनिवार तक परिजनोें की ओर से किसी ने भी संपर्क नहीं किया है।
पति और परिजनों के बयान दर्ज होने के बाद ही आगे की जांच शुरू की जा सकेगी। अगर परिजन बयान दर्ज कराने के लिए संपर्क नहीं करते हैं तो उन्हें क्राइम ब्रांच की ओर से दोबारा नोटिस जारी किया जाएगा।
मौत के बाद से परिजन नहीं पहुंचे फ्लैट में
मिलिता की मौत बीते सोमवार की रात हुई थी। मंगलवार को ही पति मां और बेटी के साथ दिल्ली स्थिति मकान में शिफ्ट हो गए। पड़ताल में पता चला कि तब से वैशाली सेक्टर-4 स्थित महागुन मोजैक में पति ने कदम नहीं रखा है।
सोसायटी में सिर्फ मिलिता की ही चर्चा
सोसायटी वैशाली सेक्टर-4 के फेज-1 और फेज-2 में मिलिता की मौत की चर्चा ही पांच दिनों से चल रही है। अमर उजाला ने कुछ रेजीडेंट्स से जब इस बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि मिलिता की मौत का रहस्य जल्द से जल्द खुलना चाहिए।