सेक्टर-27 में रविवार को डॉक्टर कपिल भाटी ने जिस पिस्टल से खुद की कनपटी पर गोली मारी थी, वह उसकी प्रेमिका ने ही दी थी। मौत का यह सामान घटना से करीब तीन माह पहले ही दिया गया था।
विज्ञापन
इस बात का जिक्र डॉक्टर कपिल ने अपने सात पेज के सुइसाइड नोट में किया है। उन्होंने सुइसाइड का कदम बडे़ ही हताश होने के बाद उठाया था जिससे वह प्यार करते थे, उसी ने जान देने व रेप केस में फंसाने की धमकी देनी शुरू कर दी थी।
सेक्टर-15 निवासी डॉ. कपिल भाटी दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में काम करते थे और दिल्ली के ही एक अस्पताल में पीजी की पढ़ाई करने वाली एक युवती से उनकी दोस्ती हो गई। दोनों में दोस्ती बढ़ती गई और बात शादी तक पहुंच गई। दोनों लिव इन रिलेशनशिप में भी रहने लगे और युवती ने डॉक्टर से किसी न किसी बहाने से रुपये ऐंठने शुरू कर दिए।
विज्ञापन
तीन माह पहले ही प्रेमिका ने दिया था मौत का सामान
प्रेम प्रसंग में की आत्महत्या
- फोटो : अमर उजाला
कभी पिता की आर्थिक हालत खराब बताई तो कभी पढ़ाई के बहाने से तो कभी किसी अन्य बहाने से रुपये लेती रही। करीब दो साल में युवती ने करीब 24 लाख रुपये ऐंठ लिए। जब कपिल ने युवती और उसके भाई के सामने शादी का प्रस्ताव रखा तो दोनों ने इंकार कर दिया। कपिल ने जब रुपये वापस मांगे तो प्रेमिका आगबबूला हो गई और रेप में फंसाकर जीवन बर्बाद करने की धमकी दी।
7 मार्च को थमा दी थी पिस्टल
सुइसाइड नोट से खुलासा हुआ है कि 7 मार्च को युवती ने किसी बहाने से कपिल को बुलाया। युवती और उसके भाई ने सुलह करके जल्द ही शादी करने की बात कही। जब कपिल जाने लगा तो एक पार्सल दिया और कहा कि यह काम आएगा।
कपिल घर पहुंचा और पार्सल खोलकर देखा तो उसमें एक पिस्टल और तीन कारतूस मिले। कपिल ने तुरंत युवती को फोन किया। कहा कि पिस्टल और तीन कारतूस का मैं क्या करूंगा। युवती ने कहा कि यह ‘समय आने पर तुम्हारे काम आएगा’। कपिल ने उसे फेंकना भी चाहा, लेकिन युवती ने कहा कि ऐसा किया तो अंजाम ठीक नहीं होगा।
डॉक्टर के सात पेज के सुइसाइड नोट से कई बातों का खुलासा
प्रेम प्रसंग में की आत्महत्या
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली पुलिस से करवाया प्रताड़ित
कपिल ने सुइसाइड नोट में लिखा है कि 21 मार्च को युवती ने डॉक्टर को किसी बहाने से एक रेस्टोरेंट में बुलाया। वहां उसका भाई भी मौजूद था। दोनों ने पुलिस को बुलाकर कपिल को पकड़वा दिया। दिल्ली के मंदिर मार्ग स्थित थाने में कपिल को कई घंटे तक मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
यह सब युवती और उसके दोस्त डीएसपी के इशारे पर किया गया। रात में उसे चेतावनी देकर थाने से छुड़वा दिया, लेकिन लैपटॉप, मोबाइल, फेसबुक और मेल आईडी के पासवर्ड ले लिया। पांच दिन बाद मोबाइल, लैपटॉप आदि सभी से फोटो और वीडियो सब कुछ डिलीट करके सुबूत मिटाकर वापस कर दिया।
हर माह 40 हजार रुपये लेती थी
सुइसाइड नोट में यह भी जिक्र है कि 40 हजार रुपये हर माह प्रेमिका उससे लेती रही। एक-दो बार अकाउंट से अपने अकाउंट में रुपये ट्रांसफर कराए थे जबकि 24 लाख रुपये में से थोड़े-थोड़े अंतराल में 11 लाख रुपये घर भेज दिए थे।
इसके अलावा युवती तनख्वाह को भी पूरा ही घर भेज देती थी और कपिल ही उसके खर्चे चलाते थे। कपिल ने परिवार से छिपाकर बैंक से लोन लेकर भी युवती के परिजनों की मद्द की थी।
योग और जिम का लिया था सहारा
युवती और उसके परिवार से मिली मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना को भुलाने के लिए डॉक्टर ने योग, जिम और परिवार के साथ ज्यादा से ज्यादा समय बिताया, लेकिन वह न चाहते हुए भी इस जंजाल से निकल नहीं पा रहे थे और घरवालों को भी इस बात की कोई जानकारी नहीं दी थी।
जान देने की धमकी देती थी युवती
कपिल जब भी युवती की बात मानने से इंकार करते तो वह जान देने की बात कहकर डरा देती थी। प्रेम के कारण कपिल उसकी हर बात मान लेते थे। जिससे लगातार उसकी मनमानी बढ़ती जा रही थी। सुइसाइड नोट में यह भी जिक्र है कि युवती तीन बार अपना गर्भपात भी करा चुकी थी।
मनोचिकित्सक डॉ. कुनाल कुमार ने बताया कि जिस बात से कोई व्यक्ति डिप्रेशन में हो, अगर उसे बार-बार उसी बात से परेशान किया जाए तो पीड़ित आवेश में आकर मरने की बात करने लगता है। मानसिक रूप से परेशान व्यक्ति को लगता है कि परेशानी का हल आत्महत्या ही है। इसमें अगर किसी के पास हथियार है तो उसी का प्रयोग आत्महत्या के लिए करने को विवश हो जाता है।
एसपी सिटी दिनेश यादव के मुताबिक कपिल के पास से मिले सुइसाइड नोट में यह स्पष्ट लिखा हुआ है कि जिस पिस्टल से वह जान दे रहे हैं वह उनकी प्रेमिका ने ही उन्हें दी थी। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।