दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेस पर दिल्ली-गुड़गांव बॉर्डर स्थित एमसीडी के टोल कर्मचारियों ने एक कार चालक को टोल टैक्स की 84 फर्जी पर्ची के साथ पकड़ लिया। उद्योग विहार थाना पुलिस आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
एमसीडी का टोल वसूलने वाली कंपनी के प्रबंधक ने पुलिस को बताया कि मूलरूप से अलीगढ़, यूपी निवासी पुष्पेंद्र दिल्ली-एनसीआर में कैब चलाता है। दिल्ली-गुड़गांव बॉर्डर पर रजोकरी के पास एमसीडी का टोल प्लाजा है।
जहां कमर्शियल वाहनों से टोल वसूला जाता है। एमसीडी ने टोल वसूलने का ठेका किसी कंपनी को दे रखा है। मंगलवार को कंपनी के कर्मचारी कमर्शियल वाहनों से टोल वसूल रहे थे। इस दौरान जब टोल कर्मचारियों ने एक इटियोस कार को रोका तो चालक ने उन्हें टोल की पर्ची दिखाई।
जिसे देखकर कर्मचारियों को शक हुआ। जांच करने पर पर्ची फर्जी पाई गई। कार की तलाशी लेने पर उसके पास से 84 फर्जी पर्ची मिलीं। पुलिस ने कंपनी मैनेजर अनुराग ग्रोवर के बयान पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर एक दिन की रिमांड पर लिया है। पूछताछ के दौरान पता चला कि एमसीडी टोल की पर्ची 100 रुपये की आती है। किसी व्यक्ति ने उसे यह पर्ची 10 रुपये में उपलब्ध कराई थी। लालच में आकर पुष्पेंद्र ने उससे 100 पर्ची खरीद ली थीं। पुलिस रिमांड के दौरान घटनास्थल की निशानदेही कराएगी।