थाना क्षेत्र के मदारपुर ग्रामसभा के डकही में मंगलवार की शाम घर के बाहर खेल रही छह वर्षीया बालिका पास के ही एक कुएं में गिर पड़ी। बालिका के कुएं में गिरने की खबर लगते ही उसकी मां भी कुएं में कूद पड़ी। आनन-फानन में दोनों को बाहर निकाला गया तो बालिका की सांसे थम चुकी थी, जबकि गंभीर रूप से जख्मी मां को इलाज के लिए ग्रामीणों ने अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार, मदारपुर ग्रामसभा के डकही में मंगलवार की शाम शंभू यादव की छह वर्षीया पुत्री सत्या घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान खेल-खेल में ही वह अचानक कुएं के पास गई और उसमें गिर पड़ी। बताया जाता है िक जिस वक्त यह हादसा हुआ उस समय किसी ने उसे कुएं में गिरते हुए देखा नहीं।
परिजनों के काफी खोजबीन के बाद भी जब बालिका नहीं मिली तो घर के बाहर कुएं पर लोगों की नजर पड़ी। जब उन्होंने कुएं में झांक कर देखा तो बच्ची गिरी पड़ी थी। बच्ची को कुएं में िगरा देख्ा मां सुशीला देवी से रहा नहीं गया और उसने भी करीब 50 फीट गहरे कुएं में छलांग लगा दिया। घटना की जानकारी होते ही काफी संख्या में ग्रामीण जुट गए तथा मां बेटी को बाहर निकालने के प्रयास में जुट गए।
ग्रामीणों ने मशक्कत के बाद मां आैर बेटी को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। आनन-फानन में दोनों को चिकित्सालय ले जाया गया, जहां देखते ही चिकित्सकों ने बालिका को मृत घोषित कर दिया जबकि मां की हालत गंभीर होने पर उसे भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया। बताया जाता है कि मृत बालिका अपने माता पिता के तीन संतानों में सबसे बड़ी थी।