दक्षिण जिले की साउथ कैंपस थाना पुलिस ने दशहरे के मौके पर एक परिवार को बेटा सकुशल लौटा कर बड़ी खुशी दी है। छह वर्षीय बच्चे को एक किशोरी अपहरण कर जम्मू कश्मीर ले गई थी।
साउथ कैंपस थाना पुलिस ने आरपीएफ की मदद से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। किशोरी की दिमागी हालत ठीक नहीं है। दिमागी हालत ठीक नहीं होने की वजह से किशोरी के खिलाफ फिलहाल कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।
पुलिस किशोरी के रिकॉर्ड की जांच कर रही है। दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रंजीत नगर में रहने वाली कविता की अपने पति के साथ नहीं बनती है।
इस कारण वह अपने छह वर्षीय बेटे निशांक के साथ मद्रासी कॉलोनी, मोती बाग में बहन के घर रह रही है। आठ अक्तूबर को निशांक बाहर खेल रहा था, तभी वह गायब हो गया।
साउथ कैंपस थाना पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर एसआई अमित कुमार, एसआई बिनोद, सिपाही धर्मवीर व कृष्ण की टीम ने तफ्तीश शुरू की। जांच में पुलिस को पता लगा कि बच्चे का अपहरण एक किशोरी ने किया है और वह उसे ट्रेन से जम्मू कश्मीर ले गई है।
दिल्ली पुलिस के कहने पर जम्मू कश्मीर में तैनात आरपीएफ ने किशोरी के भाई से संपर्क किया और उसे जम्मू कश्मीर बुलाया। दिल्ली पुलिस के निर्देश पर भाई किशोरी व निशांक को दिल्ली लेकर आ गया और बच्चे को सकुशल मुक्त करा लिया गया। साउथ कैंपस पुलिस ने बच्चे को उसके माता-पिता को सौंप दिया है।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, किशोरी मुजफ्फरनगर (यूपी) की रहने वाली है। उसकी दिमागी हालत ठीक नहीं है। वह घर से निकलकर दिल्ली आ गई थी।