पूर्वी दिल्ली की दो अलग अलग जगहों पर दस साल की बच्ची और नौवीं की छात्रा को बंधक बनाकर उससे दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है वहीं दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 14 साल की छात्रा परिजनों के साथ पांडव नगर इलाके में रहती है। बृहस्पतिवार शाम वह कुछ सामान लेने के लिए पास की दुकान पर गई थी, जहां से वह वापस नहीं आई।
काफी तलाश करने के बाद पीड़ित परिवार ने पांडव नगर थाने में मामले शिकायत की। पुलिस को जांच में छात्रा के पड़ोस में रहने वाले एक युवक पर शक हुआ। जिसके आधार पर उसके घर पर छापा मारा गया।
पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से छात्रा को छुड़ा लिया। छात्रा के बयान के आधार पर आरोपी युवक पर अगवा कर दुष्कर्म करने व पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
वहीं, दूसरा मामला मंडावली इलाके का है। दस साल की बच्ची अपने परिजनों के साथ गणेश नगर में रहती है। उसके पिता रिक्शा चालक हैं। कुछ दिन पहले बच्ची की मां अपने गांव गई हुई थी।
इसी दौरान बच्ची के एक परिचित सुरेश ने अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। शुक्रवार को मां के आने के बाद बच्ची ने उन्हें आपबीती बताई। पीड़िता के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।