जीटी रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक में लोन के नाम पर किए गए 10 करोड़ के घोटाले की फरार आरोपी एजीएम सारस्वती चटर्जी शर्मा को सीबीआई ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को सीबीआई विशेष कोर्ट में पेश किया गया।
जहां से उन्हें 6 जून तक न्यायिक हिरासत में डासना जेल भेज दिया गया। वर्ष 2011-12 के दौरान गाजियाबाद जीटी रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक में 10 करोड़ का घोटाला किया गया था। इसमें बैंक के कई वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ही प्राइवेट व्यक्ति भी शामिल रहे थे।
सीबीआई ने इस मामले की जांच के बाद बैंक की एजीएम सारस्वती चटर्जी शर्मा, मुख्य प्रबंधक बलवीर सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक एलएन मुटनेजा, लोन ऑफिसर अनुराग शर्मा, वैल्युवर राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल के अलावा संजीव दीक्षित, नृपेंद्र सिंह परिहार के खिलाफ आरोप पत्र कोर्ट में पेश किया था।
संजीव दीक्षित की पत्नी शीतल उर्फ आरती शर्मा भी इस मामले में आरोपी हैं, जोकि जेल में हैं। इनमें से सारस्वती चटर्जी शर्मा को सीबीआई ने दिल्ली के भीकाजीकामा पैलेस से गिरफ्तार कर लिया। शीतल की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
यूपी के प्रमुख सचिव वित्त ने दर्ज कराए बयान
एनआरएचएम घोटाला प्रकरण के एक मामले में बृहस्पतिवार को यूपी के प्रमुख सचिव वित्त जेपी सिंह ने अपने बयान दर्ज कराए। सीबीआई विशेष न्यायाधीश जी. श्रीदेवी की कोर्ट में यह कार्यवाही चली। इससे पूर्व डासना जेल में बंद डा. चरनजीत सिंह यादव समेत अन्य आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश किया गया।
सुरेंद्र कोली कोर्ट में पेश
निठारी कांड प्रकरण के दो मामलों में होने वाली सुनवाई बृहस्पतिवार को समयाभाव मेंे नहीं हो सकी। कोर्ट ने दोनों ही मामलों में सुनवाई के लिए 10 जून की तारीख नियत की है। इससे पूर्व मुख्य आरोपी सुरेंद्र कोली को विशेष न्यायाधीश जी.श्रीदेवी की कोर्ट में पेश किया गया।