अभी तक आपने आम जनता के साथ ठगी की वारदात सुनी होंगी, मगर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक ऐसे जालसाज को गिरफ्तार किया है जो सिर्फ नेताओं के साथ ठगी करता था। वह नेताओं को राज्यसभा सदस्य, भारतीय जनता पार्टी में पद दिलाने और केन्द्रीय मंत्री बनवाने के नाम पर ठगी करता था। कई पीड़ित तो इस समय लोकसभा सदस्य भी हैं।
आरोपी ने पुलिस पूछताछ में दावा किया है कि भाजपा समेत कई बड़े नेताओं के यहां उसकी अच्छी पैठ है। आरोपी के इस सनसनीखेज खुलासा को लेकर जांच की जा रही है। आरोपी से पूछताछ में ये खुलासा किया है कि उसने कुछ नेताओं का स्टिंग भी किया था और इस मामले में गिरफ्तार भी हुआ था।
स्पेशल सेल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी का नाम संजय तिवारी (32) है। संजय विहार गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। उस पर आरोप है कि उसने 40 से ज्यादा नेताओं के साथ ठगी की है। इनमें लोकल नेता व एमपी तक शामिल हैं।