दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने पंजाब से ले जाकर गुजरात में शराब तस्करी करने के मामले में दो आरोपियों को दबोचा है। इनकी पहचान भोगीपुरा, आगरा निवासी कप्तान सिंह और छीपीटोला, आगरा निवासी भगवान सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक ट्रक समेत नामी कंपनियों की शराब बरामद की है। गुजरात में शराब पर पाबंदी होने की वजह से गैंग एक खास तरह के कंटेनर ट्रक में शराब पैक कर लुधियाना से गुजरात वाया दिल्ली-महाराष्ट्र लेकर जाता था।
पकड़े गए दोनों आरोपी ट्रक चालक हैं। इनको एक ट्रिप के लिए 15 हजार रुपये मिलते थे।अपराध शाखा के संयुक्त आयुक्त रवींद्र यादव ने बताया कि उनकी टीम को सूचना मिली थी कि कुछ लोग ट्रक से अवैध शराब लेकर लुधियाना से गुजरात जाने वाले हैं।
यह ट्रक दिल्ली से गुजरेगा। सूचना के बाद पुलिस टीम ने प्रगति पावर स्टेशन के पास ट्रक को रोक लिया। पूछताछ में चालक ने बताया कि वह लकड़ी के बक्सों में केमिकल लेकर जा रहे हैं।
उन लोगों ने पेपर भी दिखाए लेकिन जब पुलिस ने लकड़ी के बक्सों को तोड़कर देखा तो उनमें नामी कंपनी में शराब बरामद हुई। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वह ट्रक चालक हैं। सन्नी नामक आरोपी शराब का मुख्य तस्कर है। वह लुधियाना से शराब गुजरात भेजता है।