मनोनीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, यूपी के सीएम अखिलेश यादव और पूर्व सीएम मायावती को भी मारने की धमकी दी गई है।
पत्र मिलने के बाद से प्रशासन-पुलिस और रेलवे अफसरों हड़कंप मच हुआ है। पत्र को अधिकारियों ने दिल्ली मुख्यालय बड़ौदा हाउस भेज दिया है, जिन्होंने इस मामले की जांच आईबी से कराने का फैसला किया है।
पत्र कथित रूप से लश्कर-ए-तैयबा के एरिया कमांडर करीम अंसारी द्वारा स्टेशन अधीक्षक एनएन त्यागी के नाम बृहस्पतिवार को भेजा गया।
'रेलवे स्टेशन और प्रमुख मंदिर उड़ा देंगे'
आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के नाम से आए एक पत्र में गाजियाबाद समेत देशभर के 17 रेलवे स्टेशन और दूधेश्वरनाथ समेत 12 प्रमुख मंदिरों को उड़ाने की धमकी दी गई है।
रेलवे स्टेशनों को 15 जून और मंदिरों को 20 जून को उड़ाने की बात लिखी है।
दूसरी तरफ, दूधेश्वरनाथ मंदिर के आसपास चेकिंग की गई और मंदिर की सुरक्षा का जायजा लिया गया।
टूटी फूटी हिन्दी में लिखा गया था पत्र
शुक्रवार को सिविल पुलिस समेत आरपीएफ और जीआरपी ने स्टेशन के चप्पे-चप्पे को खंगाला। स्टेशन की सुरक्षा के लिए पीएसी की एक प्लाटून को तैनात किया गया है।
स्थानीय रेल अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में पत्र किसी शरारती तत्व द्वारा भेजा हुआ लगता है। टूटी फूटी हिंदी में लिखा है। लेकिन हल्के में नहीं लिया जा सकता है।
दिल्ली मंडल के डीआरएम एके सचान का कहना है कि स्टेशनों को उड़ाने की धमकी भरा पत्र मिला है। गंभीरता से लेते हुए स्टेशनों की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। मामले की जांच आईबी से कराने का फैसला किया गया है।