पूर्वी दिल्ली के त्रिलोकपुरी इलाके में मंगलवार की रात करीब 10 बजे दो समुदाय के लोगों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई। इससे इलाके में भारी तनाव फैल गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों की भीड़ पर काबू पाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। भीड़ में शामिल युवकों को भगाने के बाद पुलिस ने इस संबंध में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, त्रिलोकपुरी इलाके के 27 और 28 ब्लाक के युवकों के बीच कई दिन से किसी बात को लेकर विवाद चला आ रहा है। मंगलवार की शाम को दोनों पक्षों के बीच किसी बात पर कहासुनी हुई तो तनाव हो गया। रात करीब 10 बजे दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया।
गनीमत रही कि इस दौरान किसी को गंभीर चोटें नहीं आईं। इधर, दो समुदायों के बीच पथराव की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अफसरान भारी फोर्स लेकर मौके पर पहुंच गए। वहां जाकर उन्होंने भीड़ पर काबू पाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। इस पर भीड़ तितर-बितर हो गई।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने इसके बाद इलाके में एहतियात के तौर पर पुलिस के साथ ही अर्धसैनिक बलों को भी तैनात किया है। उन्होंने अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। साथ ही इलाके के लोगों से लोगों से किसी भी अफवाह में न आने की अपील की है।