बाइक सवार बदमाशों ने टेलीकॉम कंपनी के डायरेक्टर को हथियारों के बल पर बंधक बनाकर लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने हथियारों की बट से डायरेक्टर को जमकर पीटा और बेहोश होने के बाद कार में डालकर रास्ते में फेंककर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, वाराणसी निवासी अजीत मौर्या परिवार के साथ दिल्ली रहते हैं और उनकी टेलीकॉम कंपनी है। सोमवार देर रात को एक शिकायत पर नोएडा काम करने आए थे।
स्टेडियम के पास पहुंचे तो टायर पंचर हो गया। इसे बदलने के बाद जब वह कार लेकर चले तो सामने दो बाइक पर छह बदमाश आए और मारपीट शुरू कर दी। दो बदमाशों ने पिस्टल और तमंचे की बट से सिर पर हमला कर दिया।
इससे अजीत बेहोश हो गए और बदमाशों ने उन्हें कार में डाल लिया। इसके बाद बॉटेनिक गार्डन के पास फेंक दिया। बदमाश उनकी आल्टो कार, 10 हजार रुपये, मोबाइल और सोने की चेन आदि लूटकर ले गए।
सुबह थोड़ा होश आया तो राहगीर की मदद से वह दिल्ली स्थित घर पहुंचे। परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया। बुधवार सुबह घटना की शिकायत लेकर सेक्टर-24 कोतवाली पहुंचे और तहरीर दे दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
लूट का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है। प्रकरण कुछ संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, चूंकि स्टेडियम के पास रात 12 बजे तक बाजार लगता है और उसे हटवाने के लिए 11 से 12 बजे तक पुलिस मौके से दुकानों को हटवा रही थी।-अरविंद यादव, सीओ दो