मेवात क्षेत्र में हुए दोहरे गैंगरेप व हत्याकांड के पीड़ितों से मिलने के लिए शनिवार को कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह मेडिकल कॉलेज पहुंचे। वहां उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। साथ ही सरकार की तरफ से हरसंभव मदद करने का भरोसा दिलाया।
वहीं, कैबिनेट मंत्री ने मेडिकल कॉलेज के निदेशक डॉ. संसार शर्मा व चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यामिनी को घायलों के इलाज में कोई लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
कैबिनेट मंत्री ने पीड़ितों को भरोसा दिलाया कि दुख की इस घड़ी में सरकार उनके साथ है। जो हो चुका, उसकी क्षतिपूर्ति करना तो असंभव है, लेकिन फिर भी सरकार पीड़ित परिवार में से एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी देगी।
इसके साथ ही 3 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की। मंत्री ने कहा कि घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों को पकड़ने के लिए पुलिस पूरी तत्परता से जुटी हुई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मामले पर शुरु हुई राजनीति
- फोटो : फाइल फोटो
देरी से पहुंचने के मामले में उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र के चलते नहीं पहुंच सके, वहां से मौका मिलते ही सरकार ने उन्हें पीड़ितों का हाल जानने के लिए भेजा है।
परिजनों की जो मांगें हैं उन्हें पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह एक जघन्य हत्याकांड हैं और इसमें सभी दलों को राजनीति से ऊपर उठकर पीड़ित परिवार का सहयोग करना चाहिए।
तावड़ू-सोहना के विधायक तेजपाल तंवर ने कहा कि सुरक्षा को लेकर प्रशासन व पुलिस पूरी तरह सतर्क है। पीड़ित परिवार की मदद सरकार की घोषणा तक ही सीमित नहीं रहेगी, वह प्रशासन व मंत्रियों से भी पीड़ित परिवार की पूरी मदद कराएंगे।
वहीं विपक्ष पर निशाना साधते हुए विधायक ने कहा कि विपक्ष का काम तो सिर्फ आलोचना करना है। किसी के दुख-सुख को ये नहीं देखते सिर्फ आलोचना करने में विश्वास करते हैं।