जेल में कैदियों को प्रशिक्षण देने वाले प्लंबर के पास से 16 ग्राम सुल्फा बरामद हुआ है। भोंडसी थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर बृहस्पतिवार को उसे गिरफ्तार कर लिया है।
जबकि दूसरे कैदी के पास मोबाइल और सिम मिला है। आपको बता दें कि जब भी इस जेल में अभियान चलाया जाता है, यहां कैदियों के पास मोबाइल फोन और नशीला पदार्थ बरामद होता है।
बताया जाता है कि मेवात के पुन्हाना निवासी वसीम प्लंबर का काम करता है और भोंडसी जेल में बंद कैदियों को इसका प्रशिक्षण भी देता है। वसीम उन्हें प्रशिक्षण देने आया था। जेल अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को तलाशी अभियान चलाया तो ट्रेनर वसीम के पास से 16 ग्राम सुल्फा बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार वसीम कैदियों को नशीला पदार्थ देता था। भोंडसी थाना प्रभारी ने बताया कि जेल अधिकारी रविंद्र कुमार की शिकायत पर वसीम के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
वहीं दूसरी ओर बृहस्पतिवार को ही बैरक में बंद हिसार जिला निवासी फकरुद्दीन के पास से अधिकारियों ने रुटीन चेकिंग के दौरान मोबाइल फोन व सिम कार्ड बरामद किया। जेल उपाधीक्षक रमेश कुमार की शिकायत पर भोंडसी थाना पुलिस ने फकरुददीन के खिलाफ जेल मैनुअल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।