प्रेमी की शादी दूसरी जगह तय होने से नाराज प्रेमिका ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। पावर कारपोरेशन में संविदाकर्मी के रूप में तैनात अनीता ने सुसाइड नोट में एसडीओ रजनीश से प्रेम संबंध बताए हैं।
आरोप है कि शादी के नाम पर पिछले एक वर्ष से एसडीओ उसका शोषण कर रहा था। एसडीओ पर रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।
एसओ ने बताया कि मूलरूप से शामली के घनेना निवासी कृष्णपाल केशवनगर कॉलोनी में रहते हैं। उनकी पुत्री अनीता (22) पावर कारपोरेशन में एक वर्ष से संविदाकर्मी के रूप में तैनात थी। इस समय अनीता बलरामनगर स्थित पुराने बिजलीघर में कंप्यूटर आपरेटर थी।
बताया जा रहा है कि अनीता के नाईपुरा बिजलीघर में तैनात एसडीओ से प्रेम संबंध थे। आरोप है कि एसडीओ शादी का झांसा देकर उसका शोषण कर रहा था। शनिवार को जब अनीता को पता चला कि एसडीओ की शादी कहीं तय हो गई तो उसने जहरीला पदार्थ खा लिया।
परिजनों ने अनीता को तुरंत जीटीबी में भर्ती कराया गया, जहां रविवार (8 जून) सुबह दस बजे उसकी मौत हो गई। अनीता नौकरी के साथ-साथ एमए भी कर रही थी। 12 जून को उसका पेपर था।
एसओ ने बताया कि सुसाइड नोट के आधार पर कृष्णपाल ने एसडीओ रजनीश के खिलाफ धारा 306 के तहत आत्महत्या के लिए विवश करने का मुकदमा दर्ज कराया है। उधर, एसडीओ फरार है और उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ है।
अनीता का सुसाइड नोट
‘सबको अपनी लाइफ से प्यार है। मैं भी जीना चाहती थी, लेकिन रजनीश आपने मुझे शादी का झांसा देकर कहीं का नहीं छोड़ा। मेरी लाइफ बर्बाद कर दी। अब कौन मेरे साथ शादी करेगा। मेरी मौत के जिम्मेदार आप हैं।'