कश्मीरी गेट इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने एक छात्र से मोबाइल फोन लूट लिया। छात्र हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों से भिड़ गया। इसी दौरान वहां पहुंचे पुलिसकर्मियों ने दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों के पास से लूटा गया मोबाइल फोन मिल गया।
पुलिस के अनुसार अंकित वर्मा (23) मूलत: अमरोहा के धनौरा गांव का रहने वाला है। वह बीकॉम की पढ़ाई कर रहा है। वह शुक्रवार रात ट्रेन से पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचा। स्टेशन से बाहर निकलकर वह ट्रेन का इंतजार कर रहा था।
इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश उसके पास पहुंचे। एक बदमाश ने अंकित का गला दबा दिया जबकि दूसरे ने उसके जेब से मोबाइल निकालकर भागने लगे। अंकित ने भाग रहे बदमाशों की बाइक को पीछे से पकड़ लिया। संतुलन बिगड़ने से बाइक गिर गई।
उसके बाद अंकित बदमाशों से भिड़ गया। मारपीट के दौरान गश्त कर रहे दो पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गये बदमाशों की पहचान शाहदरा निवासी आसिफ और नासिर के रूप में हुई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनका रिकार्ड खंगाल रही है।