रेल बजट से भले ही लोगों को सुरक्षित सफर और अन्य सुविधाआें की आस हो मगर मंगलवार सुबह ट्रैक पार कर स्कूल जा रही छात्रा दीपाली (15) की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई।
दीपाली दिल्ली के विवेक विहार स्थित सर्वोदय विद्यालय में 11वीं की छात्रा थी। उधर लोगों का कहना है कि यहां काफी समय से फुटओवर ब्रिज बनाने की मांग की जा रही है।
साहिबाबाद गांव निवासी कुलदीप शर्मा निजी कंपनीकर्मी हैं। कुछ दिन पहले ही उन्होंने बेटी दीपाली (15) का दिल्ली के विद्यालय में दाखिला कराया था। मंगलवार सुबह दीपाली ट्रैक पार कर स्टेशन की सेकेंड एंट्री से प्लेटफार्म की ओर जा रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जैसे ही दीपाली ने ट्रैक पार किया उसी समय पीछे से ट्रेन आ गयी। इंजन में दीपाली का बैग फंस गया और वह झटके से ट्रेन के नीचे आ गयी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
स्कूल का पहला दिन साबित हुआ आखिरी
पिता ने बताया कि उन्होंने बेटी का दिल्ली में दाखिला कराया जिससे वह अच्छे से पढ़ाई कर सके। मंगलवार को उसका स्कूल का पहला दिन था।
यही उसके लिए आखिरी साबित हुआ। पूर्व पार्षद प्रदीप चौधरी ने बताया कि आए दिन ट्रैक पर हादसे होते हैं। इसके बाद भी रेलवे यहां एफआेबी नहीं बना रहा है।
बिजली मैकेनिक मरा
राजनगर एक्सटेंशन में मंगलवार रात संदिग्ध हालात में 10 वीं मंजिल से गिरकर मसूरी क्षेत्र के गांव नूरपुर निवासी बिजली मैकेनिक प्रदीप की मौत हो गई। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
ट्रेन की चपेट में आकर युवक की मौत
एसओ ने बताया कि अर्थला के पास ट्रेन की चपेट में आने से मंगलवार सुबह अज्ञात युवक की मौत हो गई। युवक की उम्र करीब 40 साल है।