करोलबाग इलाके में एक बदमाश प्रदूषण मास्क लगाकर ज्वेलर की दुकान पर देखने के बहाने लाखों के जेवरात ले उड़ा। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस बदमाश की पहचान में जुट गई है।
वहीं, दुकानदार से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, नरेश गर्ग का करोलबाग के आर्यसमाज रोड पर जेवरात का बड़ा शोरूम है। सोमवार शाम करीब पांच बजे शोरूम पर प्रदूषण का मास्क लगाए एक शख्स पहुंचा।
सेल्समैन विनोद से उसने जेवरात दिखाने के लिए कहा। बातचीत में उलझा कर आरोपी अलग-अलग डिजाइन दिखाने के लिए कहता रहा। काफी देर तक जेवरात देखने के बाद पसंद न आने की बात कहकर चला गया।
इधर, विनोद ने जब जेवरात की जांच की तो उसमें करीब तीन लाख रुपये के जेवरात कम थे। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने छानबीन कर मामला दर्ज कर लिया है।