वैन में सवार पांच बदमाशों ने मंगलवार को दिनदहाड़े बस स्टैंड के पास से नशीला पदार्थ सुंघाकर इंजीनियर के बेटे शिवांश का अपहरण कर लिया। शिवांश 11 वीं कक्षा का छात्र है।
मेरठ परतापुर में होश में आने पर छात्र अपहरणकर्ताओं को चकमा देकर भाग निकला और स्टेशन के पास पहुंचकर एक पुजारी की मदद से परिजनों को सूचना दी।
बुधवार सुबह छात्र के पिता ने कोतवाली में अपहरण की तहरीर दी है। आरोप है कि अपहरणकर्ताओं ने छात्र के साथ मारपीट की थी। उसके हाथ में चोट लगी है।
दिलीप पार्क कालोनी निवासी शशिकांत मिश्रा नई दिल्ली स्थित इंडीकोन प्रोजेक्ट कंपनी में इंजीनियर है। उनका बेटा शिवांश टीआरएम पब्लिक स्कूल में 11वीं का छात्र है।
इंजीनियर के मुताबिक मंगलवार दोपहर ढाई बजे स्कूल की छुट्टी होने के बाद शिवांश ट्यूशन पढ़ने टीचर कालोनी में जा रहा था।
बस स्टैंड के पास पीछे से वैन आकर रुकी और उसमें सवार व्यक्तियों ने छात्र को रुमाल में नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर कार में डाल लिया। होश आने पर छात्र ने अपने को मोहिउ्ददीनपुर गांव के पास वैन में पाया।
छात्र का दावा है कि पांचों व्यक्ति वैन जंगल में खड़ी करके उतर गए। यह देख मौका पाकर छात्र भाग निकला और वह परतापुर रेलवे स्टेशन के पास पहुंच एक पुजारी की मदद से परिजनों को सूचना दी।
सूचना पर पहुंचे परिजन देर रात छात्र को लेकर मोदीनगर लौटे। शशिकांत मिश्रा ने अपहरण की तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच हो रही है।