कीर्ति नगर में नशे की लत में एक युवक ने अपनी मां पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। महिला को जख्मी हालत में अस्पताल में भर्ती कराने के बाद पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया। वहीं पंजाबी बाग में बीयर के लिए रुपये नहीं देने पर एक युवक ने अपने दोस्त के सिर में चाकू घोंप दिया। पुलिस ने इस बाबत हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार संध्या सिंह (49) अपने दो बेटों सोनू और राहुल के साथ मानसरोवर गार्डन स्थित झुग्गी में रहती है। सोनू नशे का आदी है जबकि राहुल अपनी टैक्सी चलाता है। गत बृहस्पतिवार को सोनू अपनी मां से स्मैक पीने के लिए रुपये की मांग कर रहा था। मां ने रुपये देने से इनकार कर दिया। गुस्से में सोनू ने उसे जान से मारने की धमकी देने लगा।
राहुल ने सोनू को समझाने की कोशिश की। लेकिन अचानक गुस्से में आकर राहुल सब्जी काटने वाले चाकू लेकर अपनी मां पर हमला कर दिया। महिला ने हाथ से बचाव किया लेकिन चाकू लगने से वह जख्मी हो गयी। राहुल उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने संध्या के बयान पर मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने मामले पर कार्रवाई करते हुए सोनू को इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने जांच के बाद बताया कि सोनू पर पहले से ही पांच मामले दर्ज हैं। वह नशे के लिए झुग्गी में मारपीट और लूटपाट कर चुका है। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है।